बाइक को बचाने में पलटी ट्रॉली, मजदूर की मौत
भिकारीपुर रोड पर रंपुरिया गांव के पास हुआ हादसा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। भिकारीपुर रोड पर रंपुरिया गांव के पास दो बाइकों पर सवार पांच लोगों को बचाने के चक्कर में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे ईट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। हादसे में एक मजदूर की ट्रॉली में दबकर मौत हो गई। जबकि अन्य को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने परिजनों के आने पर जानकारी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अमरिया थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी नैनसुख (32) पुत्र धन सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। शुक्रवार सुबह माधोपुर के एक भट्टे ने ट्रैक्टर ट्रॉली से ईंट लादकर वह पीलीभीत के लिए निकले। ट्रैक्टर ट्रॉली राकेश चला रहे थे। बकाया चार मजदूर ट्रैक्टर ट्रॉली पर थे। भिकारीपुर रोड पर रंपुरिया गांव के पास पहुंचते ही दो बाइक आपस में भिड़ गई। इसमें सवार पांच युवक सड़क पर गिर पड़े। वह ट्रैक्टर ट्रॉली से न कु चल जाएं, चालक राकेश ने काफी बचाने का प्रयास किया। इसमें बाइक सवार तो बच गए लेकिन ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें ट्रॉली के नीचे दबकर नैनसुख गंभीर रुप से घायल हो गया। शोर पर आसपास के काफी लोग जमा हो गए। जिसके बाद एक सिख परिवार ने आगे आकर मदद की और ग्रामीणों की मदद से ट्रॉली में दबे मजदूर को बाहर निकाला। इसकी सूचना मिलने पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। मजदूर के मरने की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के आने पर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। मृतक के दो बच्चे हैं।