खेकड़ा (बागपत)। ग्राम निरोजपुर एम्मा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को लेकर गोष्ठी का आयोजन किया गया, इसमें शिक्षकों ने सभी से बेटियों को बचाने और पढ़ाने का आह्वान किया।
क्षेत्र के ग्राम निरोजपुर एम्मा स्थित प्राथमिक विद्यालय में बृहस्पतिवार को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर गोष्ठी में मुख्य अतिथि पिंकी डागर ने ग्रामीणों से कहा कि आज के समय में बेटा और बेटी की जन्म दर में बड़ा अंतर आ गया है जो कि चिंता का विषय हैं। यदि समय रहते सभी जागरूक नहीं हुए तो भविष्य में यह समस्या नासूर बन जाएगी। बेटी ही संसार को चलाती है। सभी को जागरूक होकर बेटियों को बचाकर उन्हें अच्छी शिक्षा दिलानी होगी। गोष्ठी में शिक्षक, शिक्षिकाओं ने ग्रामीण महिला-पुरुषों को बेटियों को बचाने और उन्हें अच्छी शिक्षा ग्रहण कराने की शपथ दिलाई।
इसके उपरांत उच्च प्राथमिक विद्यालय व प्राइमरी स्कूल के बच्चों ने गांव में जागरूकता रैली निकाली, जो उच्च प्राथमिक विद्यालय से शुरू होकर गांव की गलियों से होते विद्यालय में खत्म हुई। इसमें प्रवीन शर्मा, विपिन कुमार, राहुल कुमार, प्रियंका, कमला, रीता, मोनिका आदि रहे।