पीलीभीत। विधानसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम पुलकित खरे की अध्यक्षता में कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनर ने ईवीएम की जानकारी दी। चुनाव के प्रशिक्षण में 12 कार्मिक गैरहाजिर रहे। अगर यह कार्मिक बुधवार को भी प्रशिक्षण में नहीं आए तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
शहर के बेनहर पब्लिक स्कूल आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी कक्षों का निरीक्षण कर कार्मिको को निर्देशित करते हुए कहा कि मास्टर ट्रेनर द्वारा ईवीएम और वीवीपैड के संबंध में जो जानकारी दी जा रही है। उसे अच्छी तरह सीख लें। जिससे मतदान के दिन कार्य करने में कोई समस्या न हो। मास्टर ट्रेनर को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी कार्मिकों को मशीनों का प्रशिक्षण मौके पर कराकर दिखाया जाए। जिससे मशीन के सभी पार्ट के बारे में अच्छी जानकारी मिल सके। कार्मिक प्रभारी सीडीओ को निर्देश देते हुए कहा कि मशीनों के प्रशिक्षण के संबंध में निर्वाचन आयोग द्वारा जारी वीडियो के माध्यम से प्रशिक्षण कराए।
बीएसए को निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिक्षक उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। कोविड टीकाकरण की बूस्टर डोज के साथ छूटे लोगों का भी टीकाकरण कराएं। कार्मिकों का प्रशिक्षण दो पालियों में संपन्न हुआ। इसमें 1344 पीठासीन एवं मतदान अधिकारी प्रथम का शामिल रहे।
ये 12 कार्मिक रहे गैर हाजिर
प्रशिक्षण के दौरान बेसिक शिक्षा से तीन, बैंक से चार, कृषि विभाग, इंडो- नेपाल बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट विभाग, आईटीआई, विद्युत, समाज कल्याण विभाग से एक-एक कार्मिक गैर हाजिर रहे। अनुपस्थित कार्मिकों को दूसरे दिन प्रशिक्षण में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।