पूरनपुर। खेत के पास चकमार्ग से रेत के अवैध खनन के विरोध पर आरोपियों ने किसान इंद्रजीत सिंह पर पहले फावड़ा से प्रहार किया। बचने के लिए भागने पर ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। एएसपी, एसडीएम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इंद्रजीत के पुत्र प्रीतम सिंह की तहरीर पर तीन नामजद समेत 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों में चार सगे भाई शामिल हैं। छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस को दी तहरीर में हजारा थाना के गांव अशोकनगर और हाल निवासी गांव मुरारखेड़ा थाना संपूर्णानगर खीरी प्रीतम सिंह ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6:30 बजे उसके पिता इंद्रजीत खेत से कृषि कार्य करके वापस आ रहे थे। रास्ते में पुलिया के समीप से खेतों को जाने वाले चकमार्ग से लोग रेत का खनन कर ट्रालियों में भर रहे थे।
पिता इंद्रजीत सिंह ने इसका विरोध किया। इसपर आरोपियों ने फावड़ा से प्रहार कर दिया। बाद में दौड़ाकर ट्रैक्टर से कुचल दिया। बीच बचाव में कमल सिंह, दुर्गेश सिंह और गणेश को भी चोट आई। पिता को आननफानन में लखीमपुर की पलिया सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
पुलिस ने प्रीतम सिंह की तहरीर पर आलम अली उर्फ अलहम अली, संपूर्णानगर के हेमंत महेश्वरी, गांव सिद्धनगर निवासी अरविंद यादव, छह मजदूरों और आलम के तीन भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शव का पोस्टमाॅर्टम कराकर परिजन को सौंप दिया। पुलिस ने छह लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं, पिछले वर्ष भी खनन माफिया ने नायब तहसीलदार को लाठी-डंडा और तलवार लेकर दौड़ाया था।