निर्माणाधीन पुलिया के पास से गुजर रहे ट्रक के मिट्टी में फंसते ही बरेली-हरिद्वार नेशनल हाइवे-30 पर यातायात ठप हो गया। राहगीर घंटों जाम में फंसे रहे और पुलिस जाम खुलवाने को जूझती रही। हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। छोटे वाहन चालक किसी तरह जगह बनाकर निकलते रहे। करीब 12 घंटे बाद फंसे ट्रक के निकाले जाने के बाद हाइवे पर यातायात सुचारु कराया जा सका।
हरिद्वार नेशनल हाइवे -30 पर जहानाबाद क्षेत्र के अकबरगंज के पास एक पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी वजह से सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। बुधवार रात करीब दो बजे गिट्टी लदा एक ट्रक मिट्टी धंसने से फंस गया। चालक ने निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन ट्रक फंसता चला गया। इससे हाइवे पर जाम लग गया। छोटे वाहन तो किसी तरह जगह बनाकर निकल गए, लेकिन बड़े वाहन फंसे रहे। कुछ ही देर में हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद मशक्कत कर ट्रक को हटवाया गया। इसके बाद यातायात सुचारु हो सका।