खेकड़ा (बागपत)।
ग्रामीणों ने प्रशासन से स्टाक लगाने वाले बालू माफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन कर मुख्यमंत्री से शिकायत करने की चेतावनी दी।
खेकड़ा क्षेत्र के ग्राम सांकरौद स्थित शिव मन्दिर में सोमवार की दोपहर ग्रामीणों ने बैठक की। इसमें वक्ताओं ने कहा गांव में बालू माफिया ठेकेदार ने रेत के स्टॉक लगा रखे हैं। जो तेज हवा चलने पर ग्रामीणों के घरों में उड़कर आता है। इससे ग्रामीण खासे परेशान हैं। वक्ताओं ने कहा प्रशासन की अनदेखी के कारण ठेकेदारों ने गांव में बालू के स्टाक लगा रखे हैं। उन्होंने कहा बालू के स्टॉक लगाने के लिए पॉर्कलेन मशीनों का उपयोग करके एन जी टी के आदेशों की भी धज्जियां उड़ाई जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि अब वह गांव में और अधिक बालू के स्टाक नहीं लगने देंगे। यदि अधिकारियों ने जल्द बालू के स्टाक लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो वह आंदोलन करेंगे। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से भी करेंगे। इस बैठक की अध्यक्षता राजेंद्र सिंह ने की। संचालन मुकेश ने किया। इस दौरान बबलू, नरसी, विकास, समे सिंह, मोनी, विपिन, कल्लू, राजेंद्र, मुकेश, रविंद्र, नरेंद्र आदि रहे।