पशुशाला में घुसा बाघ, पैरीफार्म में भी मिले पगचिह्न
अमरिया क्षेत्र में बाघों की चहलकदमी से दहशत कायम
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। अमरिया क्षेत्र में बाघों की लगातार चहलकदमी से दहशत कायम है। रविवार की रात और सोमवार सुबह खेतों बाघ घूमते देखे गए। इसकी सूचना पर पहुंची वनविभाग एवं डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की टीम ने क्षेत्र का भ्रमण कर बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए।
अमरिया क्षेत्र में जंगल से बाहर घूम रहे बाघ के कारण आम जनता परेशान हैं वहीं खेती भी प्रभावित हो रही है। चूंकि गन्ना कटाई के बाद अब गेहूं की कटाई शुरू हो गई है। ऐसे में बाघ हमले की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। सोमवार को सुबह पैरीफार्म के निकट बाघ देखा गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वनविभाग को दी। इस पर सामाजिक वानिकी की निगरानी टीम के वनदरोगा देवऋषि, सोमपाल, चेतन कुमार एवं डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के प्रेम चंद्र मौर्य, शिवांगी, राहुल आदि मौके पर पहुंचे। टीम ने खेतों मेें बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए।
मझोला। सोमवार को सुबह करीब चार बजे बाघ ने अमरिया थाना के बिरैहनी पुलिस चौकी क्षेत्र के देवहा पैरीफार्म के हरजिन्दर सिंह की पशुशाला में घुसने की कोशिश की। लेकिन पशुओं के रंभाने एवं घर वालों के जागने पर जब शोर मचाया तो बाघ लौट गया। फार्मर ने इसकी सूचना वननविभाग को दी। मौके पर पहुचे वनकर्मियों ने बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए। ग्रामीणों के अनुसार बाघों जोड़ा था।