-जांच समेत अन्य स्वास्थ्य सेवाएं रहीं प्रभावित, मरीजों को हुई दिक्कत
खराबी दुरुस्त न होने पर वैकल्पिक व्यवस्था कर शुरू की गई बिजली सप्लाई
फीडर में तकनीकी खराबी के चलते जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह लड़खड़ा गईं। सोमवार शाम साढ़े सात बजे ठप हुई बिजली सप्लाई दूसरे दिन मंगलवार को शाम साढ़े पांच बजे दुरुस्त हो सकी। इससे जहां जांच आदि के कार्य प्रभावित रहे, मरीजों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जिला अस्पताल को लगातार 24 घंटे बिजली सप्लाई देने को करीब पांच माह पहले स्वतंत्र फीडर स्थापित किया गया था। इस फीडर से पुरुष व महिला अस्पताल को बिजली सप्लाई दी जा रही है। सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे जिला अस्पताल की बिजली सप्लाई अचानक ठप हो गई। एक घंटे तक बिजली सप्लाई ठप रहने के बाद सीएमएस डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने एसडीओ रनवीर सिंह व जेई को मामले की जानकारी दी। रात में बिजली सप्लाई दुरुस्त करने के कोई प्रयास नहीं किए गए। लगातार बिजली सप्लाई ठप रहने से लगे इंवर्टर भी साथ छोड़ गए। इसके चलते मरीजों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। इधर अस्पताल की बिजली सप्लाई दुरुस्त न होने पर सीएमएस ने मंगलवार सुबह पुन: एसडीओ व जेई को कॉल कर बिजली सप्लाई दुरुस्त कराने को कहा। बिजली गुल होने से जिला अस्पताल में एक्सरे, पैथोलॉजी, सीटी स्कैन समेत कई जांच कार्य प्रभावित रहे। वहीं वार्डों और डाक्टरों के कमरों में अंधेरा छाया रहा। डॉक्टर अंधेरे में ही मरीजों की जांच करते देखे गए। जांच कराने आए मरीज भी दर-दर भटकते रहे। अस्पताल के स्टाफ द्वारा मरीजों को लगातार जल्द बिजली दुरुस्त होने की बात कही गई, लेकिन दोपहर तक बिजली दुरुस्त न होने पर कई मरीज बिना जांच कराए ही लौट गए। बिजली ठप होने से पूरे दिन अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल रहा। शाम करीब साढ़े पांच बजे बिजली कर्मचारियों को तकनीकी खराबी दुरुस्त न होने पर वैकल्पिक व्यवस्था कर ठप बिजली सप्लाई को चालू किया गया। सीएमएम डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने बताया कि बिजली सप्लाई ठप होने से जांच कार्य आदि प्रभावित रहे। जरूरी जांचों को जनरेटर से बिजली सप्लाई देकर कराया गया। हालांकि अभी समस्या दूर नहीं हो सकी है। वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली सप्लाई दी गई है। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अनुज गुप्ता ने बताया कि फीडर में तकनीकी खराबी के चलते जिला अस्पताल की बिजली सप्लाई ठप हो गई थी। बिजली कर्मचारियों द्वारा खराबी को दुरुस्त करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन खराबी को ठीक नहीं किया जा सका है। वैकल्पिक व्यवस्था कर जिला अस्पताल को बिजली सप्लाई शुरू करा दी गई है।