ग्रामीणों से अभद्र व्यवहार करना दो सिपाहियों को भारी पड़ गया। शिकायत संज्ञान में आने पर एसपी ने बरखेड़ा में तैनात दोनों सिपाहियों को विभागीय दंड देते हुए लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई से खलबली है।
बरखेड़ा थाना पर तैनात सिपाही संतोष और राहुल की पिछले कई दिनों शिकायतें एसपी को मिल रही थीं। उन पर आरोप था कि वह सही तरीके से काम नहीं कर रहे हैं और शिकायतों का समाधान करने के बजाए ग्रामीणों से अभद्रता करते हैं। पिछले दिनों हुई कस्बे की दो दुकानों में चोरी की वारदात के बाद व्यापारी नेताओं ने भी इसको लेकर नाराजगी जताई थी। सीओ बीसलपुर प्रवीण मलिक से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बाद एसपी ने गोपनीय तरीके से शिकायत की जांच कराई। इसमें प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की गई है। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके अलावा अन्य सिपाहियों को बीट पर मजबूत पकड़ बनाने और जनहित में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि जिन सिपाहियों के मामले में लापरवाही या पब्लिक से बदसलूकी की शिकायत मिलेगी, तुरंत ऐसे मामलों को गंभीरता से लेकर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि दो सिपाहियों को ऐसे ही मामलों में एसपी ने पिछले दिनों लाइन हाजिर किया था। मजदूर से मारपीट करने पर एक सिपाही पर रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।