बिलसंडा (पीलीभीत)।
दिवाली पर घर की सजावट करने के दौरान छात्र राकेश (17) पुत्र छोटेलाल की करंट लगने से मौत हो गई। निजी अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार्रवाई से इनकार करने पर पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव को पंचनामा भरकर परिवारवलों के सुपुर्द कर दिया है।
बिलसंडा थाना क्षेत्र के ईंटगांव निवासी छोटेलाल मजदूरी करते है। उनका बेटा राकेश बीसलपुर के एक प्राइवेट कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। बृहस्पतिवार दोपहर दिवाली पर कमरे में बिजली की झालर लगा रहा था, इस बीच विद्युत बोर्ड में प्लग लगाते ही उसको करंट लग गया। उसको बोर्ड से चिपका देख बड़े भाई सुनील की चीख निकल गई। कुछ ही देर में परिवारवाले व आसपास के लोग जमा हो गए। बमुश्किल युवक को बचाकर इलाज के लिए बीसलपुर के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी की गई। एसओ सीपी शुक्ला ने बताया कि परिवारीजन कानूनी कार्रवाई नहीं कराना चाहते थे, इस वजह से पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है।
मातम में बदल गईं
त्योहार की खुशियां
मजदूर छोटेलाल के परिवार में दुखद हादसे के बाद दिवाली पर्व को लेकर खुशनुमा माहौल एक पल में मातम में तब्दील हो गया। जिस मकान में दिवाली को धूमधाम से मनाने की तैयारी चल रही थी, वहां मातमी सन्नाटा पसर गया। बेटे के अंतिम संस्कार की तैयारी की जाने लगी। मृतक पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। उसके अलावा भाई राजीव, सुनील, कृष्णपाल और बहन पूनम है। मां चंद्रवती का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे को खोकर परिवारवाले बदहवाश हैं। दिन भर परिवारवालों को ढांढस बंधाने वालों की भीड़ लगी रही।