पीलीभीत। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले का परीक्षा परिणाम 79.52 प्रतिशत रहा। टॉपटेन सूची में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बीसलपुर के आठ विद्यार्थियों ने जगह बनाई। इस बार जिला टापर बनने का गौरव तीन छात्राओं ने हासिल किया। इसमें अंगूरी देवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की शुभांगी तिवारी, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बीसलपुर की जया गंगवार व निहारिका अवस्थी ने 92.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। जबकि सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पूरनपुर की शिवांगी मिश्रा ने 92.40 प्रतिशत अंक पाकर जिले में दूसरा तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बीसलपुर की सरस्वती शर्मा ने 92.20 प्रतिशत अंक पाकर जिले में तीसरा स्थान पाया।
शुक्रवार को यूपी बोर्ड इंटरमीडियट का परीक्षा परिणाम घोषित हो गया। जिले में इस बार भी विद्या भारती के विद्यालयों के विद्यार्थियों का दबदबा रहा। टॉपटेन सूची में 16 विद्यार्थियों ने जगह बनाई। लड़के इस बार भी लड़कियों पर भारी पड़े। 12वीं की परीक्षा में कुल पंजीकृत विद्यार्थी 25046 थे। इसमें 23805 ने परीक्षा दी थी। जिसमें 4873 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे। टॉपटेन सूची में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बीसलपुर के आठ, चिरौंजीलाल वीरेंद्रपाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पीलीभीत के तीन, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पूरनपुर, अल्पसंख्यक अक्सा पब्लिक इंटर कॉलेज बीसलपुर, गंगाराम मेमोरियल इंटर कॉलेज बिलसंडा, सरदार बल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज अमृताखास के एक-एक विद्यार्थी ने जगह पाई। दोपहर करीब एक बजे परीक्षाफल घोषित होते ही कॉलेजों में जश्र शुरू हो गया। विद्यार्थियों व शिक्षकों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। परीक्षा में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों के घरों पर देर शाम तक बधाई देने वालों का ताता लगा रहा।