पीलीभीत। माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा सात फरवरी से शुरू होनी है। डीआईओएस संत प्रकाश ने शुक्रवार को केंद्र व्यवस्थापकों/प्रधानाचार्यों की बैठक लेकर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने का पाठ पढ़ाया।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में हुई बैठक में डीआईओएस ने कहा कि शासन ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा नकलहविहीन संपन्न कराने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण तथा नकलविहीन कराना सभी केंद्र व्यवस्थापकों का दायित्व है। इसमें किसी भी तरह की शिथिलता न बरती जाए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के 73 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे व वॉयस रिकार्डर की निगरानी में परीक्षा होनी है। परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद होना संज्ञेय अपराध की श्रेणी में माना जाएगा। इसके लिए सभी केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा केंद्रों पर वैकल्पिक ऊर्जा की व्यवस्था पूर्व में ही कर लें। कहा कि परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों को खोलने और उत्तर पुस्तिकाओं को सील करने की प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होना अनिवार्य है। समस्त कार्य सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में किए जाएं। वहीं प्रश्नपत्रों के लिफाफे परीक्षा शुरू होने के अधिकतम 15 मिनट पूर्व काटे जाएं। परीक्षा केंद्र पर बालिका परीक्षार्थी होने पर महिला कक्ष निरीक्षक की अनिवार्य रूप से ड्यूटी लगाई जाए। बताया कि विषय अध्यापक की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक या सचल के रूप में कतई न लगाएं। परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तरपुस्तिकाओं की गिनती गंभीरतापूर्वक कराते हुए जमा कराई जाएं। उत्तरपुस्तिका जमा होने के बाद ही कक्ष निरीक्षकों को बाहर जाने दिया जाए। परीक्षा समाप्ति के दो घंटे के अंदर उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल संबंधित संकलन केंद्र/उप संकलन केंद्र पर अनिवार्य रूप से जमा कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने परीक्षा में अनुपस्थित परीक्षार्थियों की सूचना स्टूडेंट्स अटेंडेंस मॉनीटरिंग सिस्टम के माध्यम से अनिवार्य रूप से देने के निर्देश दिए। बैठक में सभी 73 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक/प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
बेटा-बेटी दे रहे हैं परीक्षा, तो नहीं लगेगी ड्यूटी
परीक्षा केंद्रों पर यदि प्रधानाचार्य/शिक्षक/शिक्षणेत्तर कर्मियों के पुत्र या पुत्री परीक्षा दे रहे हैं तो संबंधित को ड्यूटी पर नहीं लगाया जाएगा। डीआईओएस संतप्रकाश ने बताया कि जिनके पाल्य परीक्षा दे रहे हैं उनकी सूचना तत्काल डीआईओएस कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।