पीलीभीत। सरचार्ज समाधान योजना के तहत पावर कॉरपोरेशन की ओर से रविवार को बाजार गेट कंप्लेंट सेंटर पर शिविर लगाया गया। इसमें बकायेदारों के कनेक्शन काटने के साथ ही बिल वसूली की गई। इसके अलावा योजना का लाभ दिलाने के लिए उपभोक्ताओं का रजिस्ट्रेशन किया गया।
सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक शिविर चला। जिसमें अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार पाठक, अधिशासी अभियंता असीम निगम, एसडीओ रनवीर सिंह टीम के साथ खुद मौजूद रहे और उपभोक्ताओं की शिकायतों को सुनकर उसका निस्तारण कराया गया। इसमें दिन भर उपभोक्ताओं की भीड़ रही। अधिशासी अभियंता ने बताया कि एक जनवरी को योजना की शुरूआत के बाद से ही शिविर लगाए जा रहे हैं। इसका रिस्पांस भी बेहतर मिल रहा है। रविवार को लगाए गए शिविर में 125 बकायेदारों से 3.36 लाख रुपये की वसूली की गई है। 35 लोगों का सरचार्ज योजना को लेकर रजिस्ट्रेशन किया गया। इसके अलावा बकाया बिल चुकता न करने वाले 12 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के साथ ही घर पर लगे मीटर उखड़वाए गए हैं। अब उनसे रिकवरी को लेकर कार्रवाई की शुरूआत की जाएगी।