01 पीबीटीपी 39
अमरिया में कई जगह बाघ की दस्तक, दहशत में ग्रामीण
फील्ड डायरेक्टर, डीएफओ ने टीम के साथ किया मौका मुआयना
अमर उजाला ब्यूरो
अमरिया। तहसील क्षेत्र के शुक्ला फार्म, विशनपुर और कटैया पंडरी गांव में बाघ की दस्तक के बाद ग्रामीण दहशतजदा हैं। इसकी सूचना मिलने पर पहुंचे डीएफओ और फील्ड डायरेक्टर ने निगरानी टीम के साथ पगमार्क ट्रेस कर ग्रामीणों को बाघ को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
ड्यूनी डैम के करीब शुक्ला फार्म के कर्मचारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि वह अपने कुछ साथियों के साथ खेत पर काम करने जा रहे थे। इस बीच डबरी किनारे जाने वाले मार्ग पर बाघ के पगमार्क दिखाई दिए, तो उनके पसीने छूट गए। जिसके बाद वह खेत पर जाने के बजाए वापस हो गए। इसकी सूचना मिलने पर वन दरोगा अवनेश गंगवार, वन रक्षक रामाधार, मुश्ताक अहमद, चेतन कुमार, रामऔतार मौके पर पहुंचे और बाघ के पगमार्क ट्रेस किए। इसके अलावा विशनपुर गांव में बलराज सिंह के फार्म हाउस में भी बाघ के ताजा पगमार्क मिले। उधर, कटैया पंडरी गांव से बाघ की सूचना मिलने पर सोमवार को टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर एच राजामोहन, सामाजिक वानिकी के डीएफओ संजीव कुमार टीम के साथ गांव पहुंचे। यहां बाघ के पगमार्क देखने के बाद गांव के लोगों से बातचीत की गई। क्षेत्र का भ्रमण कर जायजा लिया गया। अंत में सभी को अलर्ट रहने की सलाह दी गई।