बाघिन ने बाइक सवार पर बोला हमला
क्रासर
हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, गांव में दहशत का माहौल
पीलीभीत टाइगर रिजर्व और उत्तराखंड के वन अफसर पड़ताल में जुटे
06 पीबीटीपी 16
अमर उजाला ब्यूरो
मझोला (पीलीभीत)। बाजार से खरीदारी कर भाई संग बाइक से लौट रहे कंपाइन चालक पर शावकों संग घूम रही बाघिन ने हमला कर दिया। इसमें उसके सिर, कंधे व पीठ पर काफी चोट आई जबकि बाइक चला रहा भाई बाइक समेत पास के खेत में जा गिरा। चीखपुकार पर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। इसके बाद बाघिन और शावक दोबारा खेत में चले गए। घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। उत्तराखंड-यूपी बार्डर पर जंगल से दूर खटीमा (उत्तराखंड) क्षेत्र में ढाकी फार्म के पास हुई घटना के बाद पीलीभीत और उत्तराखंड के वन अधिकारी पड़ताल में जुटे हुए हैं।
नानकमत्ता (उत्तराखंड) के गांव किशनपुर निवासी 25 वर्षीय बूटा सिंह पुत्र बलवीर सिंह तीन दिन से अपनी ससुराल खटीमा (उत्तराखंड) के ढाकी फार्म निवासी अमर सिंह के घर आए हुए थे। बृृहस्पतिवार शाम को वह अपने भाई सरजीत सिंह के साथ खरीदारी करने गए थे। रात करीब आठ बजे दोनों बाइक से घर जा रहे थे। बाइक सरजीत चला रहे थे। ढाकी फार्म मोड़ के पास पहुंचते ही उनको चकरोड पर चार शावक दिखाई दिए। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही पास के गन्ने के खेत से निकली बाघिन ने पीछे से बूटा सिंह पर हमला कर दिया। मात्र 30 सेकेंड के भीतर बाघिन ने दो बार झपट्टा मारा। इसमें बूटा सिंह बाइक से नीचे गिर गए और सरजीत बाइक समेत पास के खेत में जा गिरा। बूटा सिंह को लहूलुहान हालत में देख बाघिन से बचाने के लिए सरजीत ने बाइक स्टार्ट कर लाइट बाघिन की तरफ डाली व चीखपुकार कर ग्रामीणों को जमा कर लिया। इसके बाद बाघिन व शावक दुबारा गन्ने के खेत में चले गए। घायल को आननफानन में 108 एंबुलेंस से न्यूरिया सीएचसी लाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद बूटा सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, दूसरे दिन शुक्रवार सुबह जानकारी मिलने पर पीलीभीत और उत्तराखंड के वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटा पड़ताल की। घटना के बाद से आसपास के गांव में दहशत का माहौल है।
000
वैसे तो हमला उत्तराखंड के खटीमा क्षेत्र में हुआ है। मामला बार्डर से जुड़ा है और घायल भी पीलीभीत जिला अस्पताल में इलाज करा रहा है। इसको देखते हुए यहां से भी एक टीम को मौके पर भेजा गया है। उत्तराखंड के डीएफओ से भी लगातार संपर्क बना है। आदर्श कुमार, डीएफओ (पीलीभीत टाइगर रिजर्व)