बीसलपुर। चीनी मिल कॉलोनी गेट के पास सोमवार रात लगभग 11 बजे टमाटर लदी मेटाडोर असंतुलित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में ड्राइवर घायल हो गया। मेटाडोर में लदे करीब आठ क्विंटल टमाटर भी नहर में बह गए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगानगर निवासी ड्राइवर तुलसीराम ने बताया कि वह सोमवार रात लगभग 11 बजे बरेली से मेटाडोर में आठ क्विंटल टमाटर भरकर मंडी समिति ले जा रहे थे। चीनी मिल कॉलोनी गेट के पास सामने अचानक आई गाय को बचाने के प्रयास में मेटाडोर असंतुलित होकर नहर में जा गिरी। आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे ड्राइवर तुलसी राम को बाहर निकाला। वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मेटाडोर के नहर में गिरने से उसमें लदे सारे टमाटर नहर में बह गए। तुलसीराम को नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। खबर मिलने पर तुलसीराम के घरवाले भी अस्पताल पहुंच गए। सुबह क्रेन से मेटाडोर नहर से निकलवाई गई।