कंगारू मदर केयर वार्ड बचाएगा नवजात की जान
पीलीभीत। जिला महिला अस्पताल में पैदा होने वाले कम वजन के नवजात शिशुओं को अब प्राइवेट अस्पतालों में ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नवजात शिशुओं के इलाज को जिला महिला अस्पताल में कंगारू मदर केयर वार्ड स्थापित किया गया है। पांच बेड वाले इस वार्ड में सभी जरूरी संसाधन मुहैया कराए गए हैं। जल्द ही इसका शुभारंभ किया जाएगा।
जिला महिला अस्पताल में दो किलो से कम वजन वाले शिशु का जन्म होने पर उसे हायर सेंटर रेफर करना पड़ता है। कई बार दूसरे अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में नवजात की मौत हो जाती है। मगर अब शिशुओं को बेहतर इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जन्म फौरन बाद इलाज की जरूरत पड़े वाले शिशुओं को भर्ती करने के लिए जिला महिला अस्पताल में आधुनिक चिकित्सीय संसाधनों से लैस कंगारू मदद केयर वार्ड (केएमसी) स्थापित किया गया है। पांच बेड वाले इस वार्ड में सभी कार्य लगभग पूरे हो गए हैं। उद्घाटन के बाद इस वार्ड में जल्द शिशुओं को भर्ती किया जाने लगेगा। सीएमएस डॉ. अनीता चौरसिया ने बताया कि वार्ड पूरी तरह संसाधनों से लैस है। कम वजन वाले शिशुओं के लिए उनके तीमारदारों को निजी अस्पताल का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने वार्ड का निरीक्षण कर लिया है। अब शासन से उद्घाटन कार्यक्रम जारी होने के बाद यह सुविधा शुरू हो सकेगी। दरअसल, इस वार्ड में शिशु के लिए मां को अपने सीने से चिपकाकर रखना होगा। ताकि उसके शरीर का तापमान मेंटेन रहे। इसी लिए इसे कंगारू वार्ड नाम दिया गया है।