आई कॉल तो विधायक कार्यालय की ओर दौड़ी पुलिस
पीलीभीत। शहर विधायक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए एक महिला ने उनके कार्यालय को फूंकने की चेतावनी के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। कुछ ही देर में सीओ सिटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और जानकारी जुटाई। काफी देर तक पुलिस बल को विधायक कार्यालय के पास मुस्तैद रखा गया। बाद में कॉल करने वाली महिला का फोन स्विच ऑफ होने और कुछ देर बाद कॉल रिसीव न होने पर मामला फर्जी निकला। अब पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर महिला का पता लगाने में जुट गई है।
घटना रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। यूपी 100 पर कॉल कर एक महिला ने शहर विधायक संजय सिंह गंगवार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने उसके (फोन करने वाली महिला) के साथ छेड़छाड़ की है। इसलिए वह उनके टनकपुर हाईवे पर स्थित कार्यालय में आग लगाने जा रही है। मामला विधायक से जुड़ा होने पर प़ुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में यूपी 100 और कोतवाली पुलिस विधायक कार्यालय पहुंच गई। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल भी आ गए। महिला थाना पुलिस को भी बुला लिया गया। विधायक से बातचीत करने के बाद काफी देर तक पुलिस बल मौके पर मुस्तैद रहा, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि कॉल करने वाली महिला से जब दोबारा संपर्क साधने की कोशिश की गई, तो नंबर स्विच ऑफ बताने लगा। कुछ देर बाद दोबारा कॉल की तो रिसीव नहीं की गई। ऐसे में मामला फर्जी निकला है। नंबर की डिटेल निकलवाई जा रही है।
----------
पुलिस वालों से ही इसकी जानकारी मिली थी। उसके बाद से वह नंबर बंद बता रहा है। फोन करने वाली महिला के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। यह राजनीतिक साजिश भी हो सकती है। शनिवार को मेरी अगुवाई में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़ को देख भी कुछ लोगों को तकलीफ हुई होगी।
- संजय सिंह गंगवार, शहर विधायक