अधूरी सड़क बना गायब हुआ ठेकेदार ब्लैकलिस्ट, बनाई सड़क श्रमदान घोषित
क्रासर...
जमानत राशि जब्त कर 2.20 लाख की रिकवरी के दिए आदेश
क्रासर...
अमर उजाला में प्रकाशित खबर को संज्ञान में लेकर डीएम ने की कार्रवाई
क्रासर...
ठेका पुलिस चौकी के समीप हाटमिक्स रोड बनाने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। दो साल से आधी अधूरी सड़क बनाकर गायब चल रहे ठेकेदार को डीएम डॉ. अखिलेश मिश्र ने ब्लैकलिस्ट करते हुए किए गए कार्य को श्रमदान घोषित कर दिया। उन्होंने ठेकेदार की जमानत राशि जब्त करने के साथ 2.20 लाख की रिकवरी करने के भी आदेश दिए।
शहर में ठेका पुलिस चौकी से पीलीभीत पब्लिक स्कूल तक करीब दो साल पहले हाटमिक्स मार्ग बनाने को स्वीकृति मिली थी। करीब 225 मीटर लंबी सड़क का निर्माण 10.80 लाख रुपये से किया जाना था। इसका ठेका बीसलपुर निवासी ठेकेदार तौसीफ अहमद को दिया गया था। शुरूआती दौर में ठेकेदार द्वारा कुछ कार्य कराने के बाद काम रोक दिया गया जिस पर लोगों ने हंगामा किया तो ठेकेदार ने कुछ कार्य कर पुन: रोक दिया। पालिका प्रशासन ने करीब चार माह पूर्व में ठेकेदार को नोटिस भेज सड़क निर्माण पूरा न करने पर ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी दी। इसके बाद ठेकेदार ने रातों रात दो साल से अधूरी पड़ी सड़क बना डाली। आरोप है कि सड़क को हाटमिक्स से बनाने की जगह ठेकेदार द्वारा मात्र कोलतार युक्त बजरी डालकर खानापूरी कर दी गई। इधर अमर उजाला ने 18 जुलाई के अंक में पृष्ठ दो पर सड़कें अधूरी बनाकर बैठ गए ठेकेदार खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर को संज्ञान में लेते हुए डीएम डॉ. अखिलेश मिश्र ने पालिका प्रशासन से पत्रावली तलब की। इधर डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार तौसीफ अहमद को ब्लैक लिस्ट करते हुए कराए गए कार्य को श्रमदान घोषित कर दिया। उन्होंने ठेकेदार की जमानत राशि जब्त करने के साथ 2.20 लाख की रिकवरी करने, चरित्र प्रमाणपत्र निरस्त करने के आदेश दिए हैं। अधिशासी अधिकारी निशा मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा ठेकेदार तौसीफ को ब्लैक लिस्टेड घोषित किया है। साथ ही कराए गए कार्य को श्रमदान घोषित किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर अब ठेकेदार से रिकवरी भी की जाएगी।