शहर में बिजली की आंखमिचौली जारी, लोग परेशान
क्रासर....
ट्रांसफार्मर न बदलने से मझोला में सप्लाई ठप
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। बरसात के बीच जहां मौसम की मार से लोगों को कुछ राहत मिल रही है। वहीं बिजली का संकट बरकरार है। अघोषित कटौती से शहरवासियों को निजात दिलाने में विभागीय अधिकारी फेल साबित हो रहे हैं। दिन हो या रात बिजली की आंखमिचौली जारी है, जिससे लोग परेशान है। ग्रामीण अंचल की बात करें तो खराब ट्रांसफार्मर न बदले जाने से मझोला कस्बे के आधे से अधिक इलाके की सप्लाई तीन दिन से ठप पड़ी है। इसका कोई समाधान नहीं किया जा सका है।
बृहस्पतिवार को दिन में कई इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित रही। इसको जैसे-तैसे सुधार कराकर शाम तक सुचारु करा दिया गया। लोग राहत महसूस कर रहे थे कि रात को दुबारा हालात बिगड़ गए। आसफजान, साहूकारा, निरंजनकुंज, एकता नगर, अशोक कॉलोनी, स्टेशन रोड आदि इलाकों की बिजली आती जाती रही। शुक्रवार को दिन में ही हालात में बदलाव नहीं हो सका। वहीं लो वोल्टेज की समस्या भी बनी रही। उधर मझोला कस्बे में तीन दिन पहले ट्रांसफार्मर ओवरलोड के चलते फुंक गया था। इसका सुधार करने के नाम पर सिर्फ बयानबाजी हो सकी है। 72 घंटे से आधा कस्बा बिजली आने का इंतजार कर रहा है लेकिन समाधान होता दिखाई नहीं दे रहा। एसडीओ अतुल कुमार ने बताया कि जिले में ट्रांसफार्मर मुहैया न होने के कारण व्यवस्था सुचारु नहीं हो सकी है। बरेली से चार सौ केवीए का ट्रांसफार्मर मंगवाया गया है।