बैरियर न हटने पर रेंजर का घेराव करने की दी चेतावनी
माधोटांड़ा/ गुलाबटांडा। बराही जंगल में तराई रोड पर बैरियर लगाने के विरोध में कई गांवों के ग्रामीणों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की वन रक्षकों से नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने दिन में बैरियर न खुलने के विरोध में सोमवार को रेंजर का घेराव करने की चेतावनी दी।
जंगल के रास्ते पर बाघ की चहल कदमी को लेकर वन विभाग ने चार दिन पहले रास्ते पर बैरियर लगाकर शाम छह बजे से सुबह छह बजे और अपराह्न को तीन घंटे आवागमन पर रोक लगा रखी है। इसके विरोध में शनिवार को बैरियर के समीप एकत्र हुए आसपास गांवों के ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रात को रास्ता बंद करना ठीक है, लेकिन दिन में रास्ता बंद होने से कई गांव के लोगों को असुविधा हो रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसको लेकर प्रदर्शनकारियों व बैरियर पर मौजूद वन रक्षकों के बीच नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने शीघ्र बैरियर न हटने पर सोमवार को रेंजर का घेराव कर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में गुरदीप सिंह, सोना सिंह, गुरदयाल सिंह, अरविंद, जगतपाल सिंह, प्रगट सिंह, पाल सिंह, राजू सिंह आदि मौजूद रहे।