पीलीभीत। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कसने की शुरुआत एसपी देवरंजन वर्मा ने खुद अपने विभाग से की है। सभी पुलिस कर्मियों को बाइक चलाते वक्त हेलमेट पहनने के निर्देश दिए गए है। इसके अलावा पहले दिन पुलिस लाइन में चेकिंग अभियान चलाकर आधा दर्जन सिपाहियों के चालान काटे गए। एसपी की ओर से की गई कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।
बुधवार को पुलिस लाइन में पीआरओ संजीव कुमार पुलिस बल के साथ बाइक सवार पुलिसकर्मियों की चेकिंग में जुट गए। खास बात रही कि इसको पूरे सिस्टम के तहत कराया गया। लाइन के एक गेट से वाहनों की इंट्री तो की गई, लेकिन वापसी को जेल की ओर का रास्ता रखा गया। दोनों ही रास्तों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती रही, जोकि बिना कार्रवाई छिपते छिपाते निकल रहे पुलिसकर्मियों की धरपकड़ में लगे रहे। बिना हेलमेट बाइक चला रहे छह पुलिसकर्मियों के चालान कर नकद जुर्माना वसूला गया। दोबारा नियमों की अनदेखी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई से दंडित करने की चेतावनी देकर छोड़ा गया। इस दौरान पुलिस लाइन पहुंचने वाले अन्य लोग भी पुलिस की चेकिंग को देख डरे सहमें दिखाई दिए। हेलमेट न होने पर कई लोग लाइन परिसर से बाहर ही वाहन खड़ा कर पैदल भीतर आए।
000
थाना पुलिस को भी दी गई सख्त हिदायत
हेलमेट प्रयोग को लेकर एसपी की सख्ती सिर्फ पुलिस लाइन में चेकिंग अभियान तक सीमित नहीं रही। वायरलेस पर एक साथ सभी थानाध्यक्षों की क्लास लगाई गई। जिनसे आकस्मिक चेकिंग कर अपने थाना स्टाफ के हेलमेट प्रयोग करने को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है। यह भी स्पष्ट कहा कि गलत रिपोर्ट देने का खामियाजा एसएचओ को लाइन हाजिर होकर चुकाना होगा। जिससे विभागीय स्तर पर हड़कंप मचा है।
000
तीन सवारी पर शिकंजा कसने की तैयारी
हेलमेट के अलावा शहर की सड़कों पर दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाकर घूमने वाले बाइकर्स पर शिकंजा कसने की भी तैयारी कर ली गई है। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की एक टीम इसके लिए लगाई जाएगी। यह टीम अलग-अलग प्वाइंटों पर भ्रमण के दौरान तीन सवारी वाले बाइकर्स पर कार्रवाई करेगी। इसका प्रतिदिन 30 लोगों के चालान/सम्मन शुल्क वसूली का टारगेट रहेगा।
000
ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए सख्ती की जा रही है। हादसे के दौरान हेलमेट का प्रयोग जान बचाने का काम करता है। जागरूकता की कमी के चलते बाइकर्स इससे दूरी बनाए हैं। नियमों की अनदेखी पर कोई रियायत नहीं बरती जाएगी।
- देवरंजन वर्मा, एसपी