नगर पालिका बोर्ड की बैठक में 13,31,31,500 आय और 11,60,30,000 व्यय सहित 1,71,01,500 रुपये के लाभ का बजट पास किया गया। बैठक में जलकर लागू होने पर लीकेज पाइप लाइन को ठीक कराने का प्रस्ताव सदस्य चंद्रसेन वर्मा और तौफीक अहमद कादरी ने रखा।
नगर पालिका कार्यालय में चेयरमैन प्रदीप जायसवाल लल्लन की अध्यक्षता में हुई बैठक में गत बैठक की पुष्टि के बाद वित्तीय सत्र 2016-17 के बजट पर विचार किया गया। नगर पालिका के लेखाकार अमित मिश्र ने बजट पेश किया और पढ़कर उसे सुनाया। विचार विमर्श के बाद 13 करोड़ 31 लाख 31 हजार पांच सौ रुपये की आय और 11 करोड़ साठ लाख तीस हजार व्यय सहित एक करोड़ 71 लाख एक हजार पांच सौ लाभ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। नगर पालिका सदस्य चंद्रसेन वर्मा, तौफीक अहमद कादरी ने जलकर मूल्य लागू होने पर नगर की पेयजल सप्लाई व्यवस्था में सुधार की बात कहते हुए लीकेज पाइप लाइनों को ठीक कराने का प्रस्ताव रखा। सदस्य नदीम अहमद ने वार्ड में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। बैठक का संचालन ईओ वीपी सिंह ने किया। बैठक में रोहित मिश्र, शादाब अली, फारुख कुरैशी, इकरार अहमद, राना परवीन, शैलेंद्र गुप्ता, सुमित पांडेय, बसंत भारती, महेश यादव, नादिर रजा बरकाती, मोहिनी वर्मा, रमेश प्रजापति, रेखा देवी, विमला सक्सेना, बन्नो बेगम, हसीना बेगम, मशरुफन, सीमा देवी आदि सदस्य थे।