गांव में सरेराह युवती से छेड़छाड़ करने वाले एक युवक को पंचायत ने अटपटे तरीके की सजा सुनाई। लड़की के भाई ने युवक को भरी पंचायत में पांच जूते मारे और सात हजार रुपये का दंड भी वसूला। मामला उत्तरप्रदेश के मुरादाबाद जनपद के गांव कुंदरकी का है।
मंगलवार दोपहर एक युवती अपने घर से गांव में कहीं जा रही थी, तभी पड़ोस के ही युवक ने उसे सरेराह पकड़कर छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती के शोर मचाने पर ग्रामीण दौड़े और युवक को पकड़ लिया गया।
पहले तो युवक को पुलिस के हवाले करने की बात चल रही थी लेकिन बाद में मामले को सुलझाने के लिए गांव में पंचायत बैठी। युवक की हरकत से पंचों को लड़की पक्ष ने रूबरू कराया तो पंचायत मामले को लेकर गंभीर हो गई। सभी पहलुओं पर गौर करने के बाद पंचायत ने अपना फैसला सुनाया।
पंचायत के फरमान के मुताबिक आरोपी युवक को पांच जूते मारे जाएं और सात हजार की नकदी लड़की पक्ष को दी जाए। इस पर सभी सहमत हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लड़की के भाई ने भरी पंचायत में आरोपी युवक को पांच जूते मारे और सात हजार रुपये दंड के रूप में भी वसूले।