सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य और उनकी बेटी संघमित्रा के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट लगा दी है।
पुलिस के अनुसार चार्जशीट शीघ्र सीओ कार्यालय से कोर्ट में दाखिल किया जाएगा।
बसपा ने 20 अक्तूबर 2012 को नगर के छोटे क्रिश्चियन मैदान में सभा का आयोजन किया था।
सभा में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा को मैनपुरी लोकसभा सीट से बसपा प्रत्याशी घोषित किया गया था।
आरोप है कि सभा के दौरान मौर्य और संघमित्रा ने संबोधन में सपा अध्यक्ष और क्षेत्रीय सांसद मुलायम सिंह यादव के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की थी।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष खुमान सिंह वर्मा ने 29 अक्तूबर को थाना कोतवाली में मुलायम सिंह पर अमर्यादित टिप्पणी करके माहौल बिगाड़ने के आरोप में मौर्य और संघमित्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
भाषण की सीडी भी उन्होंने पुलिस को सौंपी थी। मामले की विवेचना कोतवाली के दारोगा लोकेंद्र सिंह को सौंपी गई थी। उन्होंने विवेचना के दौरान सात पर्चे काटने के बाद दोनों को दोषी मानते हुए चार्जशीट लगा दी है।
नेता प्रतिपक्ष और उनकी बेटी के खिलाफ यहां कोतवाली में आईपीसी की धारा 153 ए के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
इस धारा में जाति संघर्ष को बढ़ावा देने, अमर्यादित टिप्पणियां करने का आरोप है। अगर कोर्ट में सुनवाई के दौरान आरोप साबित होता है तो तीन-तीन साल की सजा और जुर्माना भी अदा करना पड़ सकता है।