कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता नारायण दत्त तिवारी यूं तो समाजवादी पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के काफी करीबी माने जाते हैं, लेकिन रविवार को उन्होंने एक बड़ा सरप्राइज दिया।
तिवारी ने न केवल गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी की तारीफ की, बल्कि विश्व हिंदू परिषद के नेता के साथ मंच भी साझा किया।
तिवारी अयोध्या में रामजन्माभूमि न्यास अध्यक्ष और वरिष्ठ वीएचपी नेता महंत नृत्य गोपाल दास के साथ एक मंच पर आए और अयोध्या में विवादित स्थल का दौरा भी किया।
वह अयोध्या में एक नेत्र अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम के चीफ गेस्ट थे। तिवारी ने कहा, "मोदी ने गुजरात के विकास और बेहतरी के लिए काफी बढ़िया काम किया है। इसी वजह से वह अब भाजपा के पीएम पद के दावेदार हैं।"
तिवारी का यह दांव एसपी प्रमुख मुलायम सिंह यादव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ हाल में बढ़ती नजदीकियों से उलट है।
सपा सरकार ने न केवल तिवारी के लिए कई बार लाल कालीन बिछाया है, बल्कि उन्हें कई सरकारी समारोहों में विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित भी किया।
लेकिन रविवार को हुए घटनाक्रम ने सपा नेतृत्व को परेशान में डाल दिया है। उत्तर प्रदेश के मंत्री और फैजाबाद से विधायक तेज नारायण पांडे ने कहा कि मोदी गुजरात दंगों के लिए जिम्मेदार हैं और विकास के आधार पर भी उन्हें माफ नहीं किया जा सकता।