फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ईएक्सएल के वाइस प्रेसीडेंट का अपहरण

Thu, 02 Jan 2014 04:21 PM IST
अमर उजाला, नोएडा
विज्ञापन
विज्ञापन
नोएडा में बीपीओ कंपनी के वाइस प्रेसीडेंट का 30 दिसंबर को फिरौती के लिए अपहरण कर लिया गया। नोएडा पुलिस ने चंद घंटे में दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर उन्हें मुक्त करा लिया।
विज्ञापन


पकड़े गए आरोपियों में वाइस प्रेसीडेंट का कार ड्राइवर भी है। उसने अपने साले व साथी के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची थी। ड्राइवर का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था।

एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि साउथ सिटी टू गुड़गांव निवासी संजीव पुण्य बीपीओ कंपनी ईएक्सएल में वाइस प्रेसीडेंट हैं। वह नोएडा के सेक्टर-58 स्थित कंपनी के आफिस में बैठते हैं। 30 दिसंबर को वह रात पौने ग्यारह बजे कंपनी से घर के लिए कार से चालक समसपुर गुड़गांव निवासी सूरज उर्फ उत्तम के साथ निकले थे।
विज्ञापन


जब देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो उनकी पत्नी (एमिटी स्कूल गुड़गांव में टीचर ) अनुराधा ने फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। कुछ देर बाद संजीव के फोन से उनके भाई के फोन पर कॉल आई कि उनकी कार से एक व्यक्ति का एक्सीडेंट हो गया है।

जिसमें उसकी मौत हो गई है। गांव वालों ने उन्हें घेर लिया है। मुआवजे के रूप में दस लाख रुपये मांग रहे हैं। रुपये लेकर आ जाओ, तभी गांव वाले उन्हें छोडे़गे।

इसकी जानकारी जब उनकी पत्नी को हुई तो उन्हें कुछ शक हुआ। उन्होंने नोएडा पुलिस से संपर्क कर पूरे घटना की जानकारी दी। पुलिस को अपहरण का शक हुआ। सर्किल अफसर सेकेंड विश्वजीत श्रीवास्तव के नेतृत्व में सर्विलांस व क्राइम ब्रांच की टीम को संजीव की तलाश में लगाया गया।

31 दिसंबर की सुबह से संजीव के फोन से परिजनों से दस लाख रुपये की मांग की जाने लगी। फिरौती की रकम देने के लिए परिवार तैयार हो गया। फिरौती की रकम संजीव के दोस्त जीके गुप्ता लेकर चले।

संजीव के मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीमों ने गाजियाबाद मेरठ में तलाश शुरू की। मेरठ में हरिद्वार हाइवे के पास एक बार पुलिस को संजीव की कार दिखाई दी। घेराबंदी का अंदेशा होते ही अपहरणकर्ता कार लेकर भाग निकले।

इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने परिजनों को सेक्टर-71 में हिंडन पुश्ता के पास बुलाया। थाना सेक्टर-58 प्रभारी, सर्विलांस व क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर दो अपहरणकर्ताओं को पकड़ लिया और संजीव को बंधन मुक्त कराया। अपहरणकर्ताओं में एक संजीव की कार का चालक सूरज ही निकला और दूसरा उसका दोस्त पश्चिम बंगाल निवासी नवराज था। वह गुड़गांव में सूरज के पड़ोस में रह कर कैब चलाता है।

गिरफ्तारी से चंद मिनट पहले कार में सवार सूरज का साला मवाना मेरठ निवासी मोनू शर्मा फरार हो गया। पुलिस ने उनकेपास से दो नकली पिस्टल, दो तमंचा, संजीव से लूटा गया एटीएम कार्ड व उससे निकाले गए 34,800 रुपये बरामद किए।

वाइस प्रेसीडेंट को सकुशल मुक्त कराने वाली टीम में शामिल थाना प्रभारी सेक्टर-58 एसके यादव, एसएसआई राजेश चतुर्वेदी, चौकी प्रभारी सेक्टर-57 कैलाश चंद शर्मा, सर्विलांस प्रभारी आलोक सिंह, सिपाही विनीत, आदिल, धर्मसिंह, ओंकार सिंह, सुनील कुमार को एसएसपी की तरफ से इनाम देने की घोषणा की गई है।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें