उत्तर प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी (यूपीटीयू) के नोएडा कैंपस में इंटेल का एक्सीलेंस सेंटर स्थापित किया जाएगा। ये सेंटर इंबेडिड टेक्नोलॉजी पर आधारित होगा।
पूर्ववर्ती महामाया टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एमटीयू) की ओर से पहले यह सेंटर एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाया जाना था, लेकिन इस फैसले को यूपीटीयू ने बदल दिया है।
सेंटर बनाने की गतिविधियां शुरू हो गई हैं, जल्द ही इंटेल की ओर से इसका सेटअप लगाया जाएगा। अगले महीने इस सेंटर को लॉन्च करने की तैयारी है।
दरअसल, पूर्ववर्ती महामाया टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एमटीयू), नोएडा ने इंटेल के साथ शैक्षिक गठजोड़ करते हुए एक्सीलेंस सेंटर बनाने की योजना बनाई थी।
अब यूपीटीयू इस गतिविधि को आगे बढ़ाएगी लेकिन इसमें एक बड़ा बदलाव किया गया है। एमटीयू की ओर से यह सेंटर एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाया जाना था।
इस फैसले को बदलते हुए यूपीटीयू अब नोएडा कैंपस में इस एक्सीलेंस सेंटर को बनाने जा रही है। यूनिवर्सिटी के इस फैसले के चलते ही सेंटर की सबसे पहली वर्कशॉप को भी टाल दिया गया है।
अब इसकी शुरुआत सीधे नोएडा सेंटर से होगी। किसी निजी इंजीनियरिंग कॉलेज को लाभ न पहुंचा कर यूपीटीयू सीधे अपनी ब्रांडिंग करते हुए नोएडा कैंपस के संसाधनों का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की तैयारी में है।
ऐसा होगा सेंटर
सेंटर पर इंटेल अपने 50 एटम डेवलपमेंट किट स्थापित करेगा। आर्म प्रोसेसर और आधुनिक सर्वर के साथ इंबेडिड टेक्नोलॉजी के ट्रेनर तैयार किए जाएंगे।
छात्रों को प्रोजेक्ट-वर्क का मौका देने के अलावा फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) आयोजित होंगे, ताकि सेमीकंडक्टर और इंबेडिड टेक्नोलॉजी पर आधारित तकनीकी शिक्षा का आधार मजबूत किया जा सके। माइक्रोप्रोसेसर भी इसका हिस्सा होगा।