उत्तर प्रदेश राज्य प्रवेश परीक्षा (एसईई) 2014 की तैयारी शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी (यूपीटीयू) ने मौजूदा सत्र में हुए दाखिलों में एसईई काउंसलिंग और दाखिलों के आंकड़े जारी कर दिए हैं।
अगले साल इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेजों में एडमिशन के लिए छात्र अपनी पसंद के कॉलेजों की ओपनिंग और क्लोजिंग रैंक देख सकते हैं। पहली बार एसईई का बारीक विश्लेषण उपलब्ध कराया गया है।
एसईई-2013 के आंकड़े upsee.nic.in पर गवर्नमेंट, सेल्फ फाइनेंस और प्राइवेट कॉलेजों में कोर्स और स्ट्रीम के आधार पर एक-एक सीट का ब्योरा पेश करते हुए उपलब्ध कराए गए हैं।
इस बार हुए दाखिलों की जानकारी जुटाने के लिए छात्र शहर के आधार पर कॉलेजों की ओपनिंग-क्लोजिंग रैंक ब्रांचवाइज जान सकते हैं।
इंजीनियरिंग के साथ सभी कोर्सेज में एसईई की रैंकिंग के आधार पर दाखिलों का हर कैटेगरी में अलग-अगल ब्योरा दिया गया है। आंकड़ों में साफ है कि प्रदेश के सिर्फ 25 इंजीनियरिंग कॉलेजों में 100 फीसदी सीट अलॉट हुई हैं।
सबसे ज्यादा 187 कॉलेजों में सिर्फ 1 से 20 फीसदी अलॉट हुआ। इस विश्लेषण के आधार पर छात्र टॉप कॉलेजों में एडमिशन के लिए जरूरी एसईई रैंक का आकलन कर सकते हैं।
एसईई-2014 की तैयारी
अगले साल 19 और 20 अप्रैल को होने वाली एसईई परीक्षा अब यूपीटीयू एसईई के नाम से होगी। प्रवेश परीक्षा के आधार पर प्रदेश के 302 इंजीनियरिंग कॉलेज, 384 मैनेजमेंट, 99 एमसीए, 97 फार्मेसी और 20 आर्किटेक्चर शिक्षण संस्थानों समेत 700 से ज्यादा कॉलेजों की लगभग डेढ़ लाख सीटों पर (मैनेजमेंट कोटा छोड़कर) दाखिला होगा।
परीक्षा के आयोजन में इस बार सभी जिम्मेदारियां बदल दी जाएंगी। जल्द ही केंद्रीय प्रवेश समिति (कैब) की बैठक कर एसईई-14 का कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा।