नोएडा में रामलीला की तैयारी के लिए अब महज दो दिन ही बचे हैं। ऐसे में मंच सज्जा से लेकर रिहर्सल तक में तेजी आ गई है।
अलग-अलग कमेटियां रामलीला की तैयारियों को अंतिम रूप देने में दिन-रात एक कर रही हैं। 5 अक्तूबर से रामलीला का मंचन शुरू हो जाएगा।
सेक्टर-12 स्थित बजरंग रामलीला संचालिका समिति के निर्देशक एके पांडेय ने बताया कि बृहस्पतिवार से फुल ड्रेस रिहर्सल शुरू होगी।
इसमें पात्रों को दृश्यों के मुताबिक ड्रेस के साथ रिहर्सल कराया जाएगा। इसके अलावा परिसर में टेंट आदि का काम चल रहा है।
उधर, सेक्टर-21ए के नोएडा स्टेडियम में आयोजित होने वाली रामलीला के निर्देशक कृष्णा स्वामी ने बताया कि मुरादाबाद में पिछले डेढ़ माह से रिहर्सल का काम चल रहा है।
4 अक्तूबर की शाम तक 80 कलाकारों की टीम नोएडा पहुंचेगी। इनमें से 65 कलाकार मंच पर अलग-अलग भूमिका में नजर आएंगे।
वहीं सलारपुर के महर्षि आश्रम में आयोजित होने वाली रामलीला के मीडिया प्रभारी एके लाल ने बताया कि मंचन के लिए कानपुर, फतेहपुर और बांदा से 4 व 5 अक्तूबर तक कलाकार नोएडा पहुंचेंगे।
यहां दो दिन में मंच तैयार हो जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-33 स्थित सनातन धर्म रामलीला कमेटी की लीला के लिए मंच का काम लगभग पूरा हो चुका है।
4 अक्तूबर तक मुरादाबाद से शिव कला केंद्र की टीम शहर में पहुंच जाएगी।