साल का पहला मैनेजमेंट एप्टीट्यूड टेस्ट (मैट) दो फरवरी (पेपर पेंसिल) और 8 फरवरी (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) को आयोजित किया जाएगा।
इसके स्कोर पर नए सत्र 2014-15 में देश के 333 पीजीडीएम और एमबीए कॉलेज दाखिला देंगे। इसमें नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 29 कॉलेज शामिल हैं। कॉलेजों की सूची जारी कर दी गई है। मैट के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 18 जनवरी तक जारी रहेंगे।
दरअसल, प्रबंधन शिक्षा में पिछले कुछ साल से गिरावट का दौर बना हुआ है, जिसके चलते पीजीडीएम और एमबीए कॉलेजों के बंद होने का सिलसिला चल रहा है।
2011 में 462 कॉलेजों ने फरवरी मैट के स्कोर पर दाखिला दिया। पिछले साल 2012 में इन कॉलेजों की संख्या 360 रह गई जबकि इस साल कॉलेजों की संख्या कुल 333 रह गई है। इसका असर स्थानीय स्तर पर भी हुआ है।
पिछले साल फरवरी मैट से जीबी नगर के 36 कॉलेज दाखिला देने के लिए मैट से जुड़े, जिनकी संख्या इस साल फिलहाल 29 रह गई है।
दूसरी ओर, मैट के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 18 जनवरी तक होंगे और फॉर्म 20 जनवरी तक जमा किए जाएंगे। फीस 1200 रुपये होगी। एडमिट कार्ड 25 जनवरी को जारी किए जाएंगे।
मैट परीक्षा नोएडा समेत 56 शहरों में होगी। वहीं नोएडा समेत कुल 13 शहरों में ही मैट का कंप्यूटर बेस्ड ऑनलाइन टेस्ट आयोजित होगा।