नोएडा में रविवार दोपहर छाए काले बादलों ने दिन में ही रात जैसा नजारा कर दिया। इस दौरान शहर में कहीं तेज बौछारें तो कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई।
बारिश के बाद शहर का मौसम बदल गया और तापमान नीचे आने से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
एक वेस्टर्न डिस्टर्वेंस के असर से रविवार को दोपहर में एकाएक काले बादल छाए और तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद गाजियाबाद से सटे शहर के आधे क्षेत्र में तेज बौछारें पड़ीं।
मौसम विभाग ने करीब 15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। दूसरी तरफ, दिल्ली से सटे क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी ही हुई।
इस दौरान न्यूनतम तापमान जहां सामान्य से दो डिग्री अधिक रहकर 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान दो डिग्री कम 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रविवार को न्यूनतम आर्द्रता 58 और अधिकतम 67 फीसदी दर्ज की गई।
दूसरी तरफ, राष्ट्रीय मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार, गुजरात की ओर एक लो प्रेशर एरिया और कश्मीर की ओर से आए एक वेस्टर्न डिस्टर्वेंस के असर से दिल्ली, हरियाणा, यूपी आदि क्षेत्रों में 2 अक्तूबर तक बादलों की आवाजाही जारी रहेगी।
इस दौरान मौसम बनता-बिगड़ता रहेगा और कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं।