दिल्ली में प्याज के दाम सौ रुपये पहुंचने के बाद नोएडा में भी प्याज के दाम को पंख लग गए। बुधवार को फुटकर बाजार में प्याज केदाम सौ रुपये प्रति किलो पहुंच गए।
सप्ताह भर में प्याज के दाम 60 से 100 रुपये प्रति किलो पहुंच गए हैं। जानकारों के अनुसार दीपावली तक प्याज के दाम नीचे गिरकर 50 से 60 रुपये तक जाएंगे।
हर साल सितंबर के अंत तक प्याज की तेजी जहां कम हो जाती थी वहीं इस बार मानसून के लंबे खिंचने और कई राज्यों में जमाखोरी के कारण प्याज सहित अन्य सब्जियां आम आदमी की थाली से दूर ही हो गई हैं।
साहिबाबाद मंडी से नोएडा में आने वाली प्याज की खेप करीब एक चौथाई से भी कम हो गई है। मंडी में बुधवार को करीब तीन ट्रक (तीन हजार किलो) प्याज पहुंचा।
प्याज के आढ़ती शहाबुद्दीन ने बताया कि बुधवार को मंडी में 40 रुपये से 60 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज बिका। लेकिन प्याज की मारामारी जैसा कोई आलम नहीं है।
राजस्थान से प्याज की नई फसल की आवक शुरू हो गई है। वहीं, गुजरात और हरियाणा से भी प्याज की नई फसल कटने के इंतजार में है। आने वाले एक सप्ताह में प्याज के दाम वापस 50 से 60 रुपये प्रति किलो हो जाएंगे। वहीं, नवंबर के मध्य तक यह सामान्य हो सकेंगे।
फुटकर विक्रेता कमा रहे दोगुना मुनाफा
प्याज के आढ़तियों ने बताया कि मंडियों से फुटकर दुकानदार दोगुना मुनाफा कम रहे हैं। आढ़तियों से 40 रुपये से 60 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज ले जा रहे हैं और 90 से 100 रुपये प्रति किलो की दर से बेच रहे हैं।