नोएडा में बदमाशों ने बृहस्पतिवार रात एक बिल्डर कंपनी के मैनेजर को बंधक बनाकर उनकी कार लूट ली। बेखौफ बदमाश उन्हें शहर की सड़कों पर दो घंटे तक घुमाते रहे और मारपीट भी की। इस बीच पुलिस की पीसीआर कहीं नहीं दिखाई दी।
जानकारी के मुताबिक स्वर्णिम विहार सेक्टर-82 में रहने वाले रिषभ दीक्षित सेक्टर-67 स्थित एक बिल्डर कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर हैं। वह बृस्पतिवार की रात कंपनी के काम से फेज टू गए थे।
उसके साथ सहयोगी चंदन पांडेय भी था। कंपनी का काम खत्म करने के बाद वह अपने सहयोगी को लेकर अपनी रिट्ज कार यूपी16एक्यू-8986 से नोएडा आ रहे थे।
सेक्टर-93 में चंदन को उसके अपार्टमेंट के सामने उतारने के बाद वह अपने घर जाने के लिए निकले। फरीदाबाद फ्लाईओवर के पास अचानक एक बाइक उनकी कार के सामने आ गई।
उन्होंने ब्रेक लगा कर कार रोकी तो उसी दौरान तीन युवक जबरन कार के अंदर घुस गए और तमंचा दिखा कर उन्हें पिछली सीट पर बैठा कर हाथ पैर बांध दिया।
इसके बाद बदमाश उन्हें भंगेल व हाजीपुर गांव के आसपास दो घंटे तक सड़क पर घुमाते रहे। इस दौरान उन्होंने रिषभ केपर्स से डेबिट कार्ड व कुछ नकदी भी निकाल ली।
विरोध करने पर मारापीटा और दो घंटे बाद उसे हाजीपुर के पास उतार कर भाग निकले। राहगीर की मदद से घटना की सूचना उन्होंने थाना सेक्टर-39 पुलिस को दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश का दावा किया है। रिषभ के मुताबिक बातचीत से बदमाश स्थानीय थे। उनकी आपसी बातचीत में एक का नाम लहरी ले रहे थे।