एमटेक और पीएचडी के लिए होने वाले आईआईटी ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) में शामिल होने के लिए कल मंगलवार को अंतिम मौका है।
साथ ही गेट के आधार पर पब्लिक सेक्टर यूनिट (पीएसयू) कंपनियों की नई भर्तियों के लिए भी मंगलवार को ही लास्ट चांस होगा। गेट 2014 के स्कोर पर कई कंपनियों ने हजारों की संख्या में भर्तियां खोल दी हैं।
गेट का एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद ही छात्र इन कंपनियों में नौकरियों के लिए रजिस्ट्रेशन कर पाएंगे। जिले के इंजीनियरिंग कॉलेजों के 10 हजार से ज्यादा छात्र गेट में आवेदन कर चुके हैं।
दरअसल, गेट की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 2 सितंबर से शुरू हुई जो 1 अक्तूबर तक जारी रहेगी। 3 अक्तूबर तक छात्र अपना फॉर्म भरकर डाउनलोड कर सकते हैं। 10 अक्तूबर तक फॉर्म आईआईटी के जोनल ऑफिस में जमा होंगे।
18 दिसंबर से एडमिट कार्ड ऑनलाइन जारी कर दिए जाएंगे। इसके बाद ही छात्र पीएसयू कंपनियों में आवेदन कर सकते हैं।
कई कंपनियों ने भर्ती कार्यक्रम जारी कर दिए हैं। अब तक छात्र सिर्फ गेट रजिस्ट्रेशन के आधार पर ही पीएसयू में आवेदन करते थे लेकिन अब फॉर्म सलेक्ट होने और एडमिट कार्ड जारी होने के बाद ही पीएसयू में नौकरी के लिए रजिस्ट्रेशन होंगे।
गेट की परीक्षा 1 फरवरी से 2 मार्च तक हर शनिवार और रविवार को दो शिफ्ट में ऑनलाइन कराई जाएगी। परीक्षा कार्यक्रम अभी घोषित नहीं किया गया है।
फॉर्म में सुधार संभव
गेट में आवेदन करने वाले छात्रों के फॉर्म की स्क्रूटनी 30 अक्तूबर से शुरू होगी। किसी भी तरह की खामी को सुधारने के लिए फॉर्म में संशोधन किया जा सकता है।
इसके लिए गलत फॉर्म भरने वाले छात्रों की सूची 6 नवंबर को ऑनलाइन जारी की जाएगी।