नोएडा के एकमात्र गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव का इंतजार और बढ़ गया है। दिवाली की छुट्टियों के बाद छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना 6 नवंबर को चुनाव समिति की बैठक के बाद जारी की जाएगी।
चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी (सीसीएसयू) के 19 नवंबर से शुरू होने वाली बैक पेपर परीक्षाओं को देखते हुए डिग्री कॉलेज चुनाव का कार्यक्रम निर्धारित करेगा। परीक्षाओं से पहले 7 से 18 नवंबर के बीच चुनावी प्रक्रिया समाप्त कर ली जाएगी।
दरअसल, सीसीएसयू के अधिकांश कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव आयोजित किए जा चुके हैं। ग्रेटर नोएडा से लेकर गाजियाबाद के कॉलेज में नवनियुक्त प्रत्याशी और छात्र संगठन जीत का जश्न मना रहे हैं लेकिन नोएडा के छात्र नेता इन कॉलेजों की जीत सिर्फ दूर से देख पा रहे हैं।
डिग्री कॉलेज के प्रिंसिपल की कोशिश थी कि छात्र कल्याण परिषद बनाकर बिना किसी पार्टीबाजी के चुनाव कराए जाएं। अमर उजाला ने इस योजना पर छात्र संगठनों का रुख प्रकाशित किया तो कॉलेज बैकफुट पर आ गया।
चुनावी योजना तैयार होने लगी और वोटर लिस्ट तैयार करा दी गई। इस बीच दशहरा व अन्य सार्वजनिक अवकाशों के चलते नौ दिन की छुट्टी रहीं और कॉलेज प्रशासन फिर चुनाव टालने में सफल हो गया।
छात्र संगठनों का भारी विरोध और चुनाव की मांग के बीच अब दिवाली की छुट्टियां आ गई हैं। कॉलेज प्रशासन के पास अब बैक पेपर परीक्षाओं के कारण चुनाव संपन्न कराने के अलावा कोई चारा नहीं है।
राजनीति गरमा रही है और दो बार छात्र संगठनों के बीच झगड़े हो चुके हैं जिनका मामला थाने तक जा पहुंचा। चुनाव की हार-जीत के बाद ही गरमा गरमी खत्म हो पाएगी।