नोएडा के सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल को आम जनता के लिए खोलने पर आखिरकार निर्णय हो गया। लोकार्पण से 721 दिन बंद रहने के बाद आज इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। 11 बजे से शाम छह बजे तक यह खुला रहेगा।
प्रेरणा स्थल को दो अक्तूबर से खोलने की तिथि पहले से प्रस्तावित थी। इस कारण प्राधिकरण ने तैयारियां भी पहले ही शुरू कर दी थी।
मंगलवार को भी प्राधिकरण की पूरी टीम प्रेरणा स्थल की तैयारियों में जुटी रही। दिन भर प्रेरणा स्थल की सफाई होती रही। यहां लगी लाइटों की भी टेस्टिंग कर ली गई है।
पानी व अस्थाई शौचालय का इंतजाम कर लिया है। इसमें प्रवेश करने के लिए दस रुपये का टिकट लगेगा, जिसके लिए गेट नंबर पांच के दोनों तरफ काउंटर बनाए गए हैं। पार्किंग के लिए परिसर के अंदर जगह तय नहीं हो सकी है।
प्रेरणा स्थल में क्या है खास
राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल करीब 82.5 एकड़ एरिया में फैला है। इसमें डॉ. भीमराव अंबेडकर व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के अलावा 11 महापुरुषों की मूर्तियां लगी हैं।
सौ फुट ऊंचाई का समता मूलक स्तंभ बना है, जिन पर अशोक चक्र बना हुआ है। दो फाउंटेन लगे हैं, जिनकी ऊंचाई 52 फुट है।
एडीबी की बैठक के दौरान फाउंटेन को चलाया गया था। रात के समय यहां लगी लाइटों से छटा देखते ही बनती थी। 22 बड़े हाथियों की गैलरी बनी है।
प्रेरणा स्थल के अंदर एक खूबसूरत पार्क है, जिसमें मौलिश्री, कचनार, अशोक, सेमल, पिलखन, अमलतास आदि प्रजाति के करीब 7.5 हजार पौधे लगे हैं।