नई दिल्ली। एनआरआई युवक अनमोल सरना की मौत का राज गहराता जा रहा है। एक ओर जहां पुलिस अपनी बात पर कायम है, वहीं परिजन लगातार अनमोल की मौत के पीछे गहरी साजिश होने की बात कह रहे हैं। परिजनों ने पूछा है कि ड्रग्स की डोज लेने के बाद अगर अनमोल हिंसक हो गया तो उसके बाकी दोस्त हिंसक क्यों नहीं हुए। परिवार का आरोप है कि पुलिस जानबूझकर असली गुनहगारों को बचा रही है। परिजनों ने पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
अनमोल की मौसी मीना गुलयानी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों ने अनमोल के सिर में कांच के टुकड़े मिलने की बात कही थी। उन्होंने सिर में कांच के टुकड़े मिलने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर गार्डों द्वारा अनमोल को डंडे से मारने वाली पुलिस की बात मान भी ली जाए तो भी उसके सिर में कांच के टुकड़े कहां से आए इसका जवाब नहीं मिलता। मीना के मुताबिक छानबीन के दौरान पुलिस को प्रनिल के फ्लैट की सीढ़ियों से खून के कतरे मिले थे। जिसके बारे में अब तक कुछ बताया नहीं गया। उन्होंने कहा कि अनमोल की कमर और गर्दन पर नाखूनों के निशान मिले थे।
मीना के मुताबिक पुलिस ने गार्ड की पिटाई और नशे में गेट, कार व दीवार से सिर मारने की वजह से अनमोल की जान जाने की बात कही है। इस पर यकीन करना मुश्किल है। वहीं, अनमोल की मां सुषमा ने बताया कि कैंडल मार्च के दौरान साउथ पार्क अपार्टमेंट में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने परिवार को बताया था कि अस्पताल ले जाते समय अनमोल लगातार ‘चिक्की (शिवांग) माधव मारा’ बुदबुदा रहा था। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने महिला को डरा दिया। जिसके बाद महिला खामोश हो गई । दूसरी ओर पुलिस अपनी बात पर कायम है। हालांकि अभी अनमोल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट विस्तार से आनी बाकी है। प्राथमिक रिपोर्ट में सिर की चोट व अधिक खून बहने की वजह से मौत बताई गई थी।
परिजनों के सवाल
- अनमोल के सिर में कांच के टुकड़े कहां से आए
- प्रनिल के फ्लैट की सीढ़ियों पर मिला खून का कतरा किसका था
- अनमोल की कमर और गर्दन पर नाखून के निशान किसके थे और कैसे पड़े
- ड्रग्स की डोज लेने के बाद उसकेबाकी दोस्त हिंसक क्यों नहीं हुए