नोएडा। प्रदेश में बिजली कटौती से हाहाकार मचा हुआ है। इससे प्रदेश का शो विंडो कहे जाने वाले नोएडा का हाल भी बेहाल है। घरों से लेकर फैक्ट्रियों तक में अंधेरा है। बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे से कटौती का सिलसिला शुरू हुआ जो दोपहर तक जारी रहा। जबकि औद्योगिक इकाइयों में दोपहर में बिजली काटी गई।
कटौती ने लोगों का बजट बिगाड़कर रख दिया है। दिन-रात हो रही कटौती से जनरेटर में डीजल की खपत बढ़ गई है। निगम ने सुबह नौ बजे से दस बजे तक इमरजेंसी कटौती का आदेश जारी किया। इसके बाद 2:45 बजे से 4:45 बजे तक घोषित कटौती हुई। साथ ही, शाम को एक घंटे कटौती हुई।
उधर, औद्योगिक सेक्टरों में 11 बजे बिजली गुल हुई जो दो बजे के आसपास सामान्य हो पाई। इसके अलावा रात दस बजे से दो बजे तक घोषित कटौती जारी है। ऐसे में महंगे डीजल से जनरेट चलाना पड़ रहा है। विद्युत निगम के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर सीएल गुप्ता ने बताया कि दिक्कत पूरे प्रदेश में है जिसका असर नोएडा में भी पड़ रहा है।
फीडर की जांच में तीन घंटे बिजली गुल
सेक्टर 52 बिजली घर के फीडरों की जांच का काम बृहस्पतिवार को किया गया। इस दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक आपूर्ति ठप रही। इस दौरान सेक्टर 52, 53 व गिझोड़ में कटौती हुई। एसडीओ सेवाराम ने बताया कि दो चरणों में हुए फीडरों की जांच का काम पूरा कर लिया गया है। सेक्टर 52 बिजली घर से जुड़े सभी फीडरों की मरम्मत का काम पूरा हो गया है।