नोएडा। हाउसिंग सोसायटी फ्लैटों में रहने वालों को मिलने वाली सुविधाओं के लिए अधिकतम 25 फीसदी कीमत तय कर दी गई है। इसके साथ ही निर्माण दरें भी घटा दी गई हैं।
शनिवार को रजिस्ट्री विभाग ने प्रस्तावित सर्किल रेट पर दर्ज आपत्तियों का निस्तारण किया। इसी में यह निर्णय हुआ कि प्रत्येक सुविधा के लिए फ्लैट की कीमत में पांच फीसदी जोड़कर उस पर स्टांप लिया जाएगा, लेकिन इसकी अधिकतम सीमा 25 फीसदी ही होगी। यानी अगर एक सुविधा है तो पांच फीसदी कीमत जुड़ेगी। इसी तरह पांच से अधिक सुविधा होने पर भी फ्लैट के कुल कीमत में 30 फीसदी धनराशि नहीं, बल्कि 25 फीसदी कीमत ही जुड़ेगी। उसी पर पांच फीसदी की मौजूदा दर से स्टांप शुल्क देना होगा।
इसके साथ ही रजिस्ट्री विभाग ने निर्माण दरें भी घटाने पर सहमति दे दी है। अब तक उच्च श्रेणी की निर्माण दरें 14 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर प्रस्तावित थी, लेकिन आपत्ति आने पर अधिकतम 12 हजार रुपये कर दिया है। इसी तरह 13 हजार की दर को कम करके 11 हजार, नौ हजार की जगह 8500, सात हजार की जगह 6500 और छह हजार की जगह 5500 रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्माण की दरें तय की गई हैं।
संस्थागत भूखंडों पर बने ऑफिस, दुकान या गोदाम की रजिस्ट्री कराते समय उसकी गणना उस सेक्टर के व्यवसायिक रेट के हिसाब से ही होगी, लेकिन उसमें छूट दी जाएगी। यह छूट भूतल पर व्यवसायिक रेट में 30 फीसदी से लेकर ऊपरी तलों पर 70 फीसदी तक होगी। वहीं, संस्थागत सेक्टर-125, 126, 127, 132 व 135 का प्रस्तावित सर्किल रेट 22000 से बढ़ाकर 28 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर कर दिया गया है। वहीं सर्फाबाद गांव का सर्किल रेट कम कर दिया है। भंगेल का प्रस्तावित सर्किल रेट 14500 से बढ़ाकर 28 हजार रुपये करने को मंजूरी दी गई है। कोल्ड स्टोरेज व मैरिज होम की दरें भी अलग से तय की गई हैं। इन संशोधित दरों पर सोमवार को डीएम से अनुमति ली जाएगी। उसके बाद ही एक अगस्त से नई दरें लागू की जाएंगी।