नोएडा। सेक्टरों में लंबे समय से अधूरे पड़े कार्यों पर अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद से प्राधिकरण के पदाधिकारी हरकत में आ गए हैं। सेक्टर की सड़कें बनाने का काम शुरू हो गया है। इसके साथ ही लंबित पड़े सेक्टरों की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है। विकास कार्यों के लिए तोड़ी गई सड़कों को लंबे अर्से से ठीक नहीं किया गया है। बदहाल रास्तों से रोजाना लोगों को दो चार होना पड़ रहा था। लोगों की समस्याओं को देखते हुए अमर उजाला ने दो फरवरी के अंक में खुदाई में खो गया मेरा सेक्टर नाम से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होते ही कामों में तेजी आ गई है।
सेक्टर-20 सीवर लाइन की मरम्मत एवं सड़क के नवीनीकरण का कार्य लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है। इससे लोग काफी परेशान हैं। खबर पर संज्ञान लेते हुए प्राधिकरण के उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी होमसिंह यादव ने अभियंता बीएम पोखरियाल को सेक्टर का निरीक्षण करने का आदेश दिया। इसके बाद उन्होंने एससी वर्मा एवं विनोद शर्मा के साथ मंगलवार को सेक्टर का निरीक्षण किया। सेक्टर-20 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष हरीश वर्मा ने बताया कि पोखरियाल ने बंद पड़े कार्यों को जल्द से जल्द शुरू करने का भरोसा दिलाया है।