नोएडा। हरौला गांव में एक महिला का शव कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। आशंका है कि उसकी गला घोंट कर हत्या की गई है। मकान मालिक की लापरवाही के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मकान मालिक ने किराए पर कमरा देने के दौरान न तो उसका नाम पता पूछा और न ही किराएदार सत्यापन फार्म की कार्रवाई की। पुलिस घटना को आत्महत्या बता रही है।
जानकारी के मुताबिक हरौला गांव में रहने वाले बदलू जाटव के मकान के एक कमरे में 25 दिन पहले किराए पर रहने आई एक महिला का शव जमीन पर पड़े होने की सूचना थाना सेक्टर-20 पुलिस को सोमवार दोपहर मिली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को मृतमहिला के गले में चुनरी लिपटी मिली। पुलिस को कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने मकान मालिक से महिला के बारे में पूछताछ की तो उसने नाम पता होने की जानकारी से साफ इंकार कर दिया। पूछताछ में केवल इतना ही पता चल सका कि महिला ने अपने आप को शादीशुदा बताया था और एक व्यक्ति शुरुआत में उसके साथ आया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। जबकि आसपास रहने वालों ने गला घोंट कर हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की है। पुलिस अधिकारी दावा कर रहे है कि किराएदार का सत्यापन न कराने वाले मकान मालिक पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलने की बात एसपी सिटी कह रहे हैं।