नोएडा। तकनीकी कॉलेजों में चल रहे पीजीडीएम, पीजीडीएम एग्जीक्यूटिव और पीजीसीएम कोर्सों के लिए संस्थान खुद प्रवेश परीक्षा नहीं लेंगे। ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजूकेशन (एआईसीटीई) ने ऐसा करने वाले कॉलेजों को नोटिस जारी किया है। इन्हें भी बाकी प्रबंधन संस्थानों की तरह ही सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दाखिले देने होंगे।
एआईसीटीई ने विभिन्न सूचनाओं और ऐसे संस्थानों द्वारा अखबारों में प्रकाशित विज्ञापनों के आधार पर नोटिस जारी किया है। काउंसिल को सूचना मिली थी कि तकनीकी कॉलज पीजीडीएम कोर्सों के लिए राष्ट्रीय प्रबंधन प्रवेश परीक्षा के बजाय खुद की लिखित परीक्षा पर दाखिले देेने के विज्ञापन निकाल रहे हैं। काउंसिल ने छात्रों को भी ऐसे संस्थानों में दाखिले न लेने की सलाह दी है। इन तीनों कोर्सों में से किसी भी पाठ्यक्रम या उससे संबंधित पाठ्यक्रम के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए आदेश के मुताबिक कैट, मैट, जैट, एटीएमए या एआईसीटीई द्वारा होने वाले सीमैट के स्कोर पर ही दाखिले होंगे। इसी आधार पर इन संस्थानों को 2013-14 की मान्यता दी जाएगी। इन पांच प्रवेश परीक्षा के अतिरिक्त किसी भी अन्य आधार पर हुए दाखिले अवैध घोषित किए जाएंगे।