नोएडा। सेक्टर-100 स्थित पाथवेज स्कूल में दो दिवसीय कहानी फेस्टिवल रविवार को समाप्त हो गया। इसमें अंतिम दिन दर्शकों की भारी भीड़ रही। आयोजकों ने अगले साल ढेर सारी कई और कहानियों व इनको पेश करने के विभिन्न तरीकों के साथ लौटने की बात कही है। इतिहास के किस्से, नानी कहे कहानी और ऑस्ट्रेलियन कलाकारों के कार्यक्रम आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे।
शाम 7 बजे तक चले इस फेस्टिवल में अनुपमा लाल की बंदर भालू की कहानी चालू, स्मिता वत्स की इतिहास के किस्से, म्यूजिकल प्रस्तुति अब कहीं कोई गम न हो, नानी कहे कहानी, वर्कशाप में स्टोरी पेंटिंग, भारतीय ड्रम की प्रस्तुति, कॉमिक कहानी, नगाड़ा आदि ने फेस्टिवल में चार चांद लगा दिये। इस मौके पर आयोजक टीम वर्क के प्रबंधन निदेशक संजय कुमार राय ने कहा कि अगले साल नोएडा में एक बार फिर कहानी फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा सूरत समेत अन्य शहरों में भी इस फेस्टिवल के शुरुआत की योजना है।