नोएडा। अगर आप शहर की सड़कों पर गश्त कर रही पुलिस की पीसीआर पर लगे स्लोगन नोएडा पुलिस सदैव आप केसाथ पढ़ कर सुरक्षा का अहसास होने की बात सोच रहे हैं तो हो सकता है जब इससे आप को वास्ता पड़े तो अपनी सोच बदलने पर मजबूर हो जाएं। क्योंकि शनिवार की रात सेक्टर-55 में ऐसा हुआ है। सड़क हादसे के बाद युवक सड़क पर तड़पता रहा और वहां मौजूद पीसीआर पर तैनात पुलिस कर्मी सड़क के दूसरी तरफ स्थित एक निजी अस्पताल ले जाने के बजाए क्षेत्र के चौकी प्रभारी को सूचना देने में मशगूल रहे। जब चौकी प्रभारी मौके पर पीसीआर लेकर पहुंची तो उसे निजी अस्पताल में ले जाने के बजाए वहां से तीन किमी दूर जिला अस्पताल में ले गई। तब तक युवक ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक शनिवार रात सेक्टर-55 से सेक्टर-57 की तरफ जाने वाली सड़क पर सेक्टर-55 गेट के पास बाइक से जा रहे एक युवक को टाटा-407 ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक बाइक से गिर कर घायल हो गया और तड़पने लगा। चालक टाटा-407 ट्रक छोड़ कर भाग निकला। लोगों ने चंद कदम दूर खड़ी पीसीआर-13 को घटना की जानकारी दी। पीसीआर मौकेपर पहुंच गई। पीसीआर ने युवक को देखा तो उसमें सांस चल रही थी। सड़क के दूसरी तरफ दो निजी छोटे क्लीनिक व अस्पताल थे। पुलिस कर्मी उसे उपचार के लिए ले जाने के बजाए फोन पर क्षेत्र के चौकी प्रभारी व पीसीआर को सूचना देने में व्यस्त हो गए। बीस मिनट बाद सेक्टर-57 चौकी प्रभारी पीसीआर लेकर पहुंची और घायल युवक को एक टेंपो में लाद कर जिला अस्पताल ले गई। जब तक युवक अस्पताल पहुंचा उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने पूरी घटनाक्रम की अपने मोबाइल से विडियोग्राफी भी की है। जिसमें दिखाई दे रहा है कि नोएडा की मित्र पुलिस की बेरुखी से युवक ने समय रहते अस्पताल न पहुंच पाने के कारण दम तोड़ दिया। मरने वाले युवक की पहचान सेक्टर-71 में रहने वाले कोरियर कपंनी केकर्मचारी हवलदार मिश्रा के रूप में हुई। जो कि मूल रूप से इलाहाबाद का रहने वाला था।
-----------
दोषी पुलिस कर्मियों पर होेगी कार्रवाई
एसपी सिटी योगेश सिंह ने कहा कि हादसे के बाद मौके पर पहुंची पीसीआर-13 पर तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा घायल को उपचार के लिए ले जाने में बरती गई लापरवाही की जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं थाना प्रभारी सेक्टर-58 एसकेयादव ने पीसीआर-13 पर तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा की गई लापरवाही की जानकारी से अनभिज्ञता जाहिर की है, लेकिन दावा किया है कि अगर वह दोषी पाए गए तो कड़ी कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखेंगे।