नोएडा। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी (सीसीएसयू) ने सत्र 2012-13 के बीपीएड, एमपीएड और एमफिल (फिजिकल एजुकेशन) के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म रविवार को जारी कर दिए हैं। एक फॉर्म के जरिए तीन कॉलेजों को चुनने का विकल्प मिलेगा। इसके आधार पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बीपीएड के 8, एमपीएड व एमफिल के एक-एक सेल्फ फाइनेंस संस्थान में दाखिला मिलेगा। वहीं इस साल प्रदेश से बाहर के छात्रों के लिए 5 की जगह 10 फीसदी सीटें आरक्षित कर दी गई हैं।
दरअसल सत्र 2011-12 में छात्रों की कमी के चलते बीपीएड की प्रवेश परीक्षा रद्द करते हुए जीरो सेशन कर दिया गया था। इसके बाद कॉलेजों ने अपने स्तर पर दाखिले दिए तो यूनिवर्सिटी ने सत्र चलाने की अनुमति दे दी। इसे देखते हुए यूनिवर्सिटी ने 2012-13 के दाखिलों में आवेदन के बाद प्रवेश परीक्षा या फिटनेस टेस्ट के आधार पर छात्रों की मेरिट जारी करने का फैसला लिया है। इसके आधार पर काउंसलिंग के जरिए सीट आवंटित होंगी।
इस बार यदि सभी कॉलेजों में कुल बीपीएड सीटों पर आवेदक छात्रों की संख्या कम रही तो दाखिले, सीधे फिटनेस टेस्ट की मेरिट पर प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। छात्रों को बैंक चालान के आधार पर 500 रुपये की फीस भरकर फॉर्म 20 नवंबर तक यूनिवर्सिटी में जमा करना होगा।