नोएडा। शहर के सीबीएसई स्कूलों में मिशन एडमिशन नर्सरी शुरू हो गया है। दाखिले की मुश्किल राह में अभिभावकों को इस बार बढ़ी फीस का झटका भी झेलना पड़ेगा। तमाम बड़े-छोटे स्कूलों ने नए सत्र से फीस बढ़ा दी है, जिसमें सालाना फीस, ट्यूशन फीस समेत पंजीकरण शुल्क को भी शामिल किया गया है।
शहर के निजी स्कूलों में नर्सरी में कुल मिलाकर करीब छह हजार सीटें हैं। पिछले साल इतनी ही सीटों के लिए स्कूलों को दस हजार से अधिक आवेदन मिले थे। अपने बच्चे की सीट पक्की करने के लिए अभिभावकों ने स्कूलों के चक्कर लगाने शुरू कर दिए हैं। दाखिले की इस टेंशन में फीस वृद्धि अभिभावकों को परेशान करने वाली है।
नेहरू इंटरनेशनल स्कूल में एडमिशन फीस दस हजार रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 11 हजार रुपये कर दिया गया है। स्कूल की प्रधानाचार्या एलीना दयाल ने बताया कि तिमाही पर ली जाने वाली करीब पांच हजार रुपये फीस में भी वृद्धि की गई है।
डीएवी स्कूल में भी दस फीसदी तक फीस बढ़ाने की तैयारी है। स्कूल की प्रधानाचार्या आईपी भाटिया ने बताया कि ट्यूशन फीस में वृद्धि की जाएगी। विश्वभारती स्कूल का सालाना दाखिला शुल्क करीब 45 हजार रुपये है, जिसे बढ़ाकर 50 हजार रुपये करने और तिमाही फीस में 800 रुपये तक की वृद्धि संभावित है।
वहीं, इस बार स्कूलों ने फार्म शुल्क भी बढ़ा दिया है। एपीजे स्कूल में बीते साल फार्म व पंजीकरण मिलाकर 700 रुपये लिए जाते थे। इस बार इसे बढ़ाकर 800 रुपये कर दिया गया है। नेहरू इंटरनेशनल में फार्म व पंजीकरण के लिए करीब 300 रुपये लिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। कोठारी इंटरनेशनल स्कूल ने भी फार्म शुल्क बढ़ाने के संकेत दिए हैं।