संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने एवं भविष्य में होने वाले शहरी विकास को ध्यान में रख एमडीए जोनल प्लान तैयार कराएगा। हाल में लागू की गई महायोजना 2031 के आधार पर इसे तैयार किया जाएगा। बताया जाएगा कि शहर के किस भाग में क्या निर्माण प्रस्तावित किया जा रहा है। इसके लिए निजी कंसल्टेंट की मदद ली जाएगी।
इसके आधार पर ही विकास प्राधिकरण नक्शा पास करेंगे। हाल में ही इस संबंध में शासनादेश जारी किया गया था। इसे एमडीए बोर्ड बैठक में स्वीकृति दी गई। इसमें री-डवलपमेंट से संबंधित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया है।
मुजफ्फरनगर प्राधिकरण की ओर से तैयार की गई महायोजना-2031 के तहत कराए जाने वाले विकास कार्यों में एकरूपता लाने के लिए जोनल प्लान तैयार कराया जाएगा। बुधवार को आयोजित बोर्ड बैठक में जोनल प्लान को स्वीकृति दी गई।
इसमें महायोजना यानी मास्टर प्लान के अनुरूप ही टर्न ओवर, तकनीकी टीम एवं विशेषज्ञता की शर्तों को दृष्टिगत रखते हुए आरएफपी यानी प्रस्ताव के लिए अनुरोध तैयार की जाएगी। ग्राम नियोजन संगठन (टीसीपीओ) केंद्र सरकार की ओर से जारी डिजायन एंड स्टैंडर्ड फॉर एप्लिकेशन ऑफ ड्रोन तकनीक के आधार पर इसे बनाया जाएगा।
बनाई जाएंगी छह व पांच सदस्यीय कमेटियां : कुंवर बहादुर सिंह
एमडीए सचिव कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि जोनल प्लान निजी कंसल्टेंट के माध्यम से तैयार कराया जाएगा। कंसल्टेंट चयन के लिए छह सदस्यीय कंसल्टेंट चयन एवं अनुश्रवण समिति का गठन उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण की अध्यक्षता में किया जाएगा। मुख्य नगर नियोजक इसके सदस्य संयोजक होंगे। इसे चेक करने के लिए मुख्य नगर नियोजक की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय दूसरी कमेटी गठित होगी और नगर नियोजक इसके सदस्य संयोजक बनाए जाएंगे।