संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जंगल में बदमाशों की मौजूदगी को लेकर अफवाह चल रही है। ऐसे में पुलिस भी सक्रिय हुई है। पुलिस ने रात में गश्त बढ़ाई है। पुलिस ने गांवों में जाकर गणमान्य लोगों व ग्राम सुरक्षा समिति के साथ बैठक की। ग्रामीणों से संदिग्ध लोगों के बारे में पुलिस को सूचना देने के साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने जंगल में बदमाशों के घूमने की अफवाहों को लेकर जिला पुलिस को अलर्ट किया है। गांवों में ग्राम सुरक्षा समिति व गणमान्य लोगों के साथ बैठक करने को कहा है। जिला पुलिस ने शुक्रवार को गांवों में जाकर बैठक की है। शहर कोतवाली पुलिस ने गांव दीदाहेड़ी में बैठक कर लोगों को जागरूक किया।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि कुछ दिनों में कई गांवों से रात में बदमाश देखे जाने की सूचनाएं मिली है। सूचना मिलने पर डॉयल 112, थाना प्रभारी ने पहुंचकर जांच की। कोई संदिग्ध मामला नही मिला।
उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर तुरंत विश्वास न करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखता है तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। भयभीत न हो। कानून अपने हाथ न लें। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली वीडियो को तस्दीक करें। यह सूचना पुलिस, गांव प्रधान को दें।