मुजफ्फरनगर। उद्योगों से युवाओं को जोड़कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन मुजफ्फरनगर चैप्टर ने आईआईए कैंपस कनेक्ट की पहल की है। इसके तहत पॉलीटेक्निक और आईटीआई में शिक्षा हासिल कर रहे युवाओं को नौकरी का ऑफर मिलेगा। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने उद्यमियों के प्रयास की सराहना की।
मंगलवार को सरकुलर रोड स्थित एक होटल में आईआईए की सभा में मुख्य अतिथि कौशल विकास राज्यमंत्री, आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल, विशिष्ट अतिथि डीएम उमेश मिश्रा और सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण रहे। अतिथियों ने बटन दबाकर आईआईए की ओर से तैयार कराई गई कैंपस कनेक्ट वेबसाइट की शुरूआत की।
आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल और चैप्टर चेयरमैन अमित जैन ने जानकारी दी कि उद्देश्य केवल उद्योगों को सशक्त बनाना ही नहीं है, बल्कि युवाओं को उद्यमिता और रोजगारोन्मुख शिक्षा से जोड़कर राष्ट्रीय विकास में योगदान करना है। छात्र सीधे उद्योगों से जुड़ सकेंगे, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। रोजगार एवं स्टार्टअप के अवसर बढ़ेंगे और आत्मनिर्भर जिले का सपना साकार करने में सहयोग मिलेगा।
राज्यमंत्री ने कहा कि आईआईए के माध्यम से पूरे प्रदेश में यह कार्यक्रम लागू कराने का प्रयास रहेगा ताकि रोजगार के अवसर उपलब्ध रहे। कार्यक्रम के माध्यम से उद्योग और शिक्षा संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल बनेगा, जिससे न केवल युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर उद्योगों को कुशल मानव संसाधन भी उपलब्ध होगा। डीएम और सीडीओ ने कहा कि आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक के छात्र-छात्राओं को स्थानीय उद्योगों में प्रशिक्षण एवं रोजगार का अवसर मिलेगा।
आईआईए के विशेष सचिव अमन गुप्ता ने कहा कि कैंपस कनेक्ट आने वाले समय में उद्योगों और छात्रों दोनों के लिए गेम-चेंजर साबित होगा। इस मौके पर उपायुक्त उद्योग जैस्मिन फौजदार, संजीव अरोरा, कुश पुरी, सतीश अरोरा, सुधीर अग्रवाल, अश्वनी खंडेलवाल, पंकज अग्रवाल, नीरज केडिया, मनोज अरोरा, सुधीर गोयल मौजूद रहे। संचालन अनमोल अग्रवाल एवं राहुल मित्तल ने किया।
चैप्टर को किया गया सम्मानित
निवर्तमान चेयरमैन एवं डिवीजनल सचिव पवन कुमार गोयल को आईआईए चैप्टर मुज़फ्फरनगर के तीन अवार्ड्स से सम्मानित किया गया। जिले की टीम को अतिथियों की ओर से यह सम्मान दिया गया।
होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आईआईए कैंपस कनेक्ट वेबसाइट की लांचिंग करते राज्य मंत्री कपिल